विकसित भारत के निर्माण में सहायक होगा यह बजट: सांसद लुंबाराम चौधरी
सिरोही, 19 फरवरी। जालौर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी ने बजट को आमजन के हित में बताते हुए कहा कि यह विकसित भारत के सपने को साकार करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने इसे गरीब, युवा, किसान और नारी शक्ति को समर्पित बजट बताया।
बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सांसद चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में यह बजट राजस्थान को अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसमें प्रदेश के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है, जिससे गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बजट में आबूरोड में कन्या महाविद्यालय की स्थापना, करोटी और वाडका में एनीकट निर्माण एवं मरम्मत, सेलवाड़ा, टोकरा, मूँगथला और मंडार नाला जैसी नहरों के निर्माण/मरम्मत कार्यों का प्रावधान किया गया है। साथ ही, रेवदर कृषि मंडी में आधुनिक सुविधाओं का विकास, मंडार में गौण कृषि मंडी की स्थापना और सांचौर से आबूरोड तक 107 किलोमीटर स्टेट हाईवे निर्माण जैसी घोषणाएं भी की गई हैं।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष चिराग रावल ने दी प्रतिक्रिया
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष चिराग रावल ने भी बजट की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और वित्त मंत्री दिया कुमारी का यह बजट "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों, महिलाओं, स्वास्थ्य और रोजगार की आकांक्षाओं को पूरा करेगा तथा विकसित भारत की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
प्रदेश के विकास की दिशा में यह बजट एक दूरदर्शी कदम है, जो राजस्थान को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।