सिरोही जिला कांग्रेस सेवादल की संगठनात्मक बैठक संपन्न, सरकार की नीतियों पर सवाल और संगठन विस्तार पर जोर
सिरोही जिला कांग्रेस सेवादल की जिला स्तरीय कार्यकारिणी की बैठक आज आबू रोड के मानपुर स्थित ज्ञान दीप भवन में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत ध्वज वंदन कार्यक्रम के साथ हुई, जिसे प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन हटेला ने ध्वजारोहण कर संपन्न किया। वंदे मातरम, ध्वज गीत और राष्ट्रगान के साथ इस संगठनात्मक बैठक का शुभारंभ हुआ।
इस बैठक की अध्यक्षता जिला मुख्य संगठक कमलेश रावल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जॉन प्रभारी मोहन हटेला, संभाग प्रभारी और राजस्थान सरकार में पूर्व मंत्री वंशावली आयोग के पूर्व अध्यक्ष रामसिंह राव, प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी भोमाराम मेघवाल, सह प्रभारी संजय रावल और प्रदेश सचिव आनंद पवार शामिल हुए।
बैठक में सर्वप्रथम जिला मुख्य संगठक कमलेश रावल ने प्रदेश और जिला पदाधिकारियों का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। रावल ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस सेवा दल को जिले, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक मजबूत करने का लक्ष्य है। उन्होंने सेवादल को कांग्रेस पार्टी की रीढ़ बताते हुए कहा कि जब तक सेवा दल मजबूत नहीं होगा, तब तक पार्टी को मजबूती नहीं मिलेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को एकजुट और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी 13 जनवरी को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में होने वाले प्रदेश स्तरीय अधिवेशन पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को इस अधिवेशन में सिरोही जिले से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया।
मुख्य अतिथि मोहन हटेला ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "आज राज्य सरकार राइजिंग राजस्थान का नारा दे रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके उलट हैं। सरकार की नीतियां और परियोजनाएं ठप हैं, और बजट की कमी का बहाना बनाया जा रहा है। यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।"
संभाग प्रभारी रामसिंह राव और जिला प्रभारी भोमाराम मेघवाल ने भी सरकार की विफलताओं को गिनाया और कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की असफलताओं को उजागर करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष प्रशांत वोहरा, मुख्य प्रशिक्षक किशनलाल राणा, माउंट आबू ब्लॉक अध्यक्ष मंसाराम गरासिया, माउंट आबू नगर अध्यक्ष शौकीन मोहम्मद, एडवोकेट सुनील परिहार, यंग ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष कपूर चंद मेघवाल, महिला कांग्रेस सेवा दल की जिला अध्यक्ष पूजा राणा, महासचिव दिनेश मेघवाल, भंवरलाल गरासिया, रामाराम राठौर, पन्नालाल गरासिया, लादूराम, धर्मेंद्र, मनोज कुमार, देवीलाल, लक्ष्मणपुर आबूरोड नगर अध्यक्ष जैसाराम बोस और राहुल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संगठनात्मक विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और कांग्रेस सेवा दल को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस मौके पर वक्ताओं ने सेवा दल को पार्टी की रीढ़ बताते हुए संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।